रिश्वत लेते पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। थाना परिसर के एक आवास में बीते दिनों पुलिसकर्मी व पीआरडी जवान द्वारा एक युवक से किसी कार्य के लिए रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो को लेकर लोगों के बीच खूब चर्चा हो रही है।
लोगों के बीच चल रही चर्चाओं के मुताबिक बीते दिनों एक युवक अपना कार्य कराने के लिए थाना परिसर में पहुंचा था। जहां उससे काम के बदले रिश्वत ली गई। युवक ने इस पूरे प्रकरण का विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस एक मिनट 41 सेकेंड के वीडियो में साफ दिख रहा है कि थाने में मौजूद सिपाही किसी युवक से किसी कार्य के बदले रिश्वत ले रहा है। युवक जब कुछ रुपये वापस करने की मांग कर रहा है तो पुलिसकर्मी ने रुपये फुटकर कराने के लिए कहकर उसे भेज दिया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रणविजय सिंह का कहना है कि वीडियो के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। अगर ऐसी बात है तो वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।