निचलौल। धान की रोपाई शुरू होते ही तस्करों ने भारत-नेपाल सरहद पर भारतीय खाद की तस्करी शुरू कर दी है। अमर उजाला अखबार ने आठ मई को अपने अंक में 'भारतीय किसान परेशान, यूरिया जा रही नेपाल' शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। उसके बाद भारत नेपाल सरहद पर सुरक्षा एजेंसियों सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर नेपाल भेजी जा रही भारतीय खाद की खेप बरामद कर ली। आरोपी मौके से भाग गए।
कोतवाली ठूठीबारी थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया की पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली की सीमावर्ती क्षेत्र के भरवलिया गांव से कुछ लोग यूरिया खाद की तस्करी कर नेपाल ले जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम भारत नेपाल सरहद से सटे झरही नदी पुल के पास पगडंडी रास्ते का घेराबंदी कर लिया। इसी बीच कुछ लोग भारत से नेपाल की ओर यूरिया खाद ले जाते दिखे। उन्हें टीम ने घेरने का प्रयास किया तो वह खाद छोड़कर मौके से भाग निकले।
टीम ने मौके से चार बोरी यूरिया खाद बरामद कर निचलौल कस्टम के सुपुर्द कर दिया है। वहीं निचलौल कस्टम अधीक्षक रविंद्र तिवारी ने कहा की खाद की तस्करी करने वालों पर निगरानी की जा रही है। मामले में बरामद यूरिया खाद को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।