नौतनवा। नगर पालिका परिषद नौतनवा के आठ सभासदों ने बागी रुख अपनाकर चेयरमैन के खिलाफ विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया है। सभासदों ने मंडलायुक्त को संबोधित ज्ञापन अपर आयुक्त को सौंपकर नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच और कार्रवाई की मांग की।
सभासद रंजना राय, सुनील जायसवाल, रेनू अग्रहरि, परवीन खातून, वारिस कुरैशी, गुलाम अशरफ, जैरून निशा एवं आशिक कुरैशी का कहना है कि नौतनवा नगर पालिका में सीवरेज एवं जल निकासी योजना के अंतर्गत जयप्रकाश नगर से सिद्धार्थनगर तक 4 करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण कार्य चल रहा है। मात्र दीवार खड़ी कर स्लैब ढालकर बड़े पैमाने पर मानक और गुणवत्ता की अनदेखी भी की जा रही है। आरोप यह भी है कि डीजल व्यय के नाम पर प्रतिमाह 3 से 4 लाख रुपये की अनुचित निकासी की जा रही है। इतना ही नहीं नगर में निविदा (टेंडर) के लिए सुरक्षा जमा राशि 10 फीसदी के स्थान पर मात्र दो फीसदी लगाया जा रहा है। पक्ष में जमा सावधि रसीद (एफडीआर) की धनराशि को भी निकालकर फर्जी रसीद लगा दी जा रही है। संवाद