पनियरा। नगर पंचायत पनियरा में वार्ड नंबर 13 रानी लक्ष्मीबाई नगर के सभासद ने आवास की पात्रता जांच को लेकर बुधवार की रात व बृहस्पतिवार की सुबह अधिशासी अधिकारी के खिलाफ हंगामा किया। चर्चा है कि नगर पंचायत कार्यालय में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। मामले की जानकारी होने पर ईओ ने उक्त सभासद के खिलाफ नामजद तहरीर थाने पर दी।
जानकारी के अनुसार, सभासद ने 25 लोगों को आवास के लिए फार्म जमा कराया और सिफारिश की थी, लेकिन जांच में केवल दो लोग ही पात्र निकले। इस कारण नाराज सभासद ने बुधवार की शाम व बृहस्पतिवार की सुबह हंगामा किया। ईओ कनुप्रिया शाही ने बताया की आवास के लिए अपात्र लोगों को पात्र करने की धमकी सभासद ने दी। कार्यालय में तोड़फोड़ किया गया। अभ्यर्थियों को अपात्र होने पर जानमाल की धमकी दी गई।
सभासद राजू पाल ने बताया कि आवास के पात्रता जांच के लिए सरकार के जीओ के अनुसार काम करने को कहा और तोड़फोड़ व अपशब्दों के प्रयोग तथा धमकी देने का आरोप बेबुनियाद है। केस दर्ज कराने के लिए झूठा आरोप लगा रही हैं। प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह के अनुसार, तहरीर मिली है जांच की जा रही है। संवाद