सिसवा बाज़ार। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्थानीय महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में परिषदीय और प्राइवेट स्कूलों के बच्चों के बीच बृहस्पतिवार को भाषण, प्रश्नोत्तरी व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें परिषदीय विद्यालय के बच्चों ने बाजी मारी।
बृहस्पतिवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में परिषदीय, माध्यमिक व एडेड विद्यालयों के 245 बच्चों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। निर्णायकों ने हर स्पर्धा में पांच प्रतिभागियों का चयन किया। पोस्टर प्रतियोगिता में लाडली दुबे प्रथम, अंजली दुबे द्वितीय, रईश अंसारी तृतीय, अंशु सोनी चौथे व ख़ुशी पांचवें स्थान पर रही। मेरे सपनों के भारत शीर्षक विषयक भाषण प्रतियोगिता में शाहजहां खातून, शिवम, माया, अविनाश, अनुष्का ने बाजी मारी, तो वहीं प्रश्नोत्तरी में अनूप, अंकुश, राधिका, निधि व ज्योति ने जीत दर्ज की।
सभी चयनित प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य शंकराचार्य पटेल, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी आनंद मिश्रा व महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मृगेंद्र सिंह ने प्रमाण पत्र व मेडल देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर गोपाल यादव, अंकित शुक्ला, मोहम्मद हसीन, सुनील यादव, अश्वनी दुबे, अमरेंद्र सिंह समेत सभी शिक्षक उपस्थित रहे।