तस्करों से बरामद कॉस्मेटिक के सामान थाने से उड़ा ले गई ‘चुड़ैल’
महराजगंज। नौतनवां के सुंडी घाट पर तस्करों से जब्त की गई कथित कास्मेटिक के सामान थाने से रहस्मय तरीके से गायब हो गए। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि थाने में कहीं ‘चुड़ैल’ तो नहंी जो महंगे पाउडर, क्रीम सामान को गायब कर दी हो। मामले में नौतनवां थाना व नगर के चौकी पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच नौतनवां सीओ को सौंपी दी है।
बताया जा रहा है कि 17 अगस्त की रात करीब दस बजे नौतनवां चौकी इंचार्ज ने छापामारी में सुंडी घाट के पास से हजारों रुपये के 76 गत्ते नेपाल मेड फेसक्रीम आदि कॉस्मेटिक के बरामद किए थे। इसे एक सभासद की ट्रैक्टर ट्राली से भरकर थाने लाया गया। पुलिस की यह बरामदगी समाचार पत्रों की सुर्खियां भी बनीं। लेकिन बरामद सामान का जिक्र न तो थाने की जीडी पर चढ़ा और न ही उसे कस्टम विभाग को सौंपा गया। सबसे मजे की बात यह है कि महंगे क्रीमख् पाउडर आदि से भरे गत्ते थाने से रहस्मय तरीके से गायब हो गए। मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। इस संबंध में सीओ नौतनवां राजू कुमार साव का कहना है कि मामला संज्ञान में है। इस प्रकरण की जांच कराई जा रही है।
नौतनवां कस्टम इंस्पेक्टर विवेक सिंह का कहना है कि 17 अगस्त से अब तक नौतनवां पुलिस ने किसी भी कास्मेटिक समान या क्रीम को कस्टम से जांच नहीं कराई है और न ही सुपुर्द किया है।