नौ लोग कोराना संक्रमित मिले, 25 हुए सक्रिय केस
जिले में बढ़ने लगा है कोरोना का संक्रमण, सतर्कता बढ़ाई
अब तक मिले केस गंभीर नहीं, सभी होम आईसोलेशन में
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को एक साथ नौ लोग संक्रमित मिले हैं। अब जिले में सक्रिय केसों की संख्या 25 हो गई है। सभी संक्रमित होम आईसोलेशन में हैं। केस बढ़ाने पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं, महिला अस्पताल में कोरोना की जांच कराने वालों की भीड़ लग रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधिक से अधिक लोगों की जांच करने की व्यवस्था की गई है। हालांकि कोरोना के गंभीर मामले नहीं आ रहे हैं।
जिले में कोरोना के अब तक 15,012 केस सामने आ चुके हैं। 14,841 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 146 की मौत हो चुकी है। बीते माह केस कम मिलने से लोगों ने राहत महसूस की थी। इधर प्रत्येक दिन केस मिलने से लोगों ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। राहत की बात है कि कोरोना के गंभीर केस नहीं मिल रहे हैं। सभी संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। विभाग की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। लोगों से अपील है कि मास्क का प्रयोग करें और सामाजिक दूरी बनाए रखें। स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर जांच कराएं।
------------------------
11,197 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
महराजगंज। जिले में सोमवार को कोरोनारोधी टीका लगवाने में लोगों में ज्यादा जागरुकता दिखी। 11,197 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। 50 केंद्रों के अलावा स्कूलों में कैंप के माध्यम से टीका लगाने की व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का प्रयास जारी है। संवाद