गांवों में पूर्व की तरह गैस सप्लाई कराने की मांग, धूप में खड़े होकर लोग कर रहे थे इंतजार
ग्रामीण क्षेत्रों में सिलिंडर बुकिंग की समय सीमा 45 से घटाकर 25 दिन करने से बढ़ी मांग
ठूठीबारी। पूर्व की तरह गांव-गांव गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं होने से सोमवार को उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। सिलिंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता भरवलियां एसएसबी रोड और नवनिर्मित बांध के पास पहुंच गए। गैस वाहन पहुंचते ही सिलिंडर लेने के लिए हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और व्यवस्थित तरीके से वितरण कराया।
जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से गैस सिलिंडर की बुकिंग के बीच निर्धारित समय सीमा 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दी गई है। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर की मांग बढ़ गई है। सोमवार को इसका असर ठूठीबारी क्षेत्र में भी देखने को मिला। सुबह करीब नौ बजे गैस वाहन के पहुंचते ही सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जुट गई। तेज धूप के बावजूद लोग घंटों लाइन में खड़े रहे।
उपभोक्ता फिरोज, समसुद्दीन, रमेश पासवान, खदेरु, सोहन, लालमती देवी, कमलेश गुप्ता, मनोज शर्मा, चंद्रशेखर और लीलावती देवी आदि ने कहा कि पहले की तरह गांव-गांव जाकर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए। इससे ग्रामीणों को तेज धूप में दूर तक जाकर लाइन लगाने और घंटों इंतजार करने की समस्या से राहत मिलेगी।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए उपभोक्ताओं को शांत कराया। इसके बाद नियमानुसार सिलिंडरों का वितरण कराया गया। काफी देर तक मौके पर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही।
मां शक्ति एचपी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी के प्रोपराइटर राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सिलेंडर लेने की समय सीमा 45 दिन से घटाकर 25 दिन किए जाने के कारण एक साथ बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। उपलब्धता के अनुसार उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।