महराजगंज। खाद्य पदार्थों की मिलावट पर विभाग ने उपभोक्ताओं को डिजिटल हथियार प्रदान करते हुए वार करने का मौका उपलब्ध कराया है। विभाग की तरफ से सेफ्टी कनेक्ट मोबाइल एप की सुविधा शुरू की गई है।
एप के जरिये किसी भी खाद्य वस्तुओं में मिलावट का अंदेशा होने पर फोटो सहित शिकायत की जा सकती है। विभाग की तरफ से त्वरित कार्यवाही होगी। शिकायतकर्ता का नाम भी गुप्त रखा जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर लगाम लगाने के लिए अब उपभोक्ता घर बैठे ही शिकायत दर्ज करा सकेंगे। फूड सेफ्टी कनेक्ट मोबाइल एप के माध्यम से उपभोक्ता मिलावटी सामान की फोटो, विक्रेता की जानकारी और अन्य विवरण अपलोड कर सकते हैं।
इस संबंध में सहायक आयुक्त डॉ. टीआर रावत ने बताया कि मिलावट पर लगाम उपभोक्ता को जागरूक करके ही लगाया जा सकता है। विभाग की तरफ से मिलावट रोकने के लिए डिजिटल हथियार उपभोक्ताओं को दिया गया है।