नाली विवाद से मुजुरी में निर्माण गति हुई धीमी
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज/मुजुरी। पनियरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मुजुरी में नाली विवाद के कारण सड़क व नाली के निर्माण रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। काम पूरा कराने के लिए निर्धारित समय सीमा छह माह पहले ही खत्म हो गई और अब तक काम पूरा नहीं हो सका। मुजुरी में काम पूरा न होने का खामियाजा ग्राम पंचायत जर्दी, माधोनगर व रजौड़ा कला के लोगों को भी भुगतना पड़ रहा है। मुजुरी की वजह से इन तीनों गांवों में चल रहे निर्माण कार्यों को पूरा कराने के लिए दूसरी किस्त नहीं जारी हो पा रही है। परिणामस्वरूप मुजुरी के अलावा तीन अन्य गांवों में विकास कार्यों की गति धीमी हो गई है।
एकीकृत विकास योजना के तहत 2016-17 में पनियरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मुजुरी, माधोनगर, रजौड़ा कला तथा जर्दी का चयन किया गया था। इन चारो गांवों में करीब 7.93 करोड़ से इंटरलाकिंग, नाली निर्माण कराने की योजना बनाई गई। इन कार्यों के लिए चारो गांवों में 3.96 करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी गई। शासन स्तर से जारी इस रकम से प्रस्तावित कार्य छह माह में पूरे किए जाने थे। इस बीच निर्धारित समय से छह माह का अधिक समय बीत गया और अब तक मुजुरी में निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। बताया जाता है कि मुजुरी में नाली विवाद की वजह से काम कई महीने से बंद है। यहां ग्रामीणों में नाली को लेकर आपस में विवाद है। ग्रामीण निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं। कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता धर्मेंद्र मणि त्रिपाठी का कहना है कि मुजुरी गांव में नाली निर्माण को लेकर जो विवाद था, उसे हल करा लिया गया है। मौके पर गिट्टी गिरवाई जा रही है।