महराजगंज। दिवाली को देखते हुए नगर पालिका परिषद के सभी वार्डों में लाइट लगाई जाएंगी। सक्सेना नगर में पार्किंग बनाई जाएगी। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज से जमीन किराए पर लेकर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
मंगलवार को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता में हुई। इसमें शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई प्रस्तावों पर सहमति बनी।बैठक में दिवाली के मद्देनजर सभी वार्डों में लाइट लगवाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा निष्प्रयोज्य सामान का सत्यापन कराने के लिए समिति गठित कर उनकी नीलामी कराने पर भी सहमति बनी।
सभासद अमितेश गुप्त ने सुभाष नगर और वीर बहादुर नगर के बीच बलिया नाले पर पहले से बने पिलर के ऊपर आवागमन के लिए एप्रोच सहित पुल निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा। सभासद संगीता देवी ने शिव मंदिर के पास स्नानघर बनवाने का प्रस्ताव दिया। बैठक में सक्सेना नगर में नगर पालिका की जमीन पर पार्किंग बनाने और पीजी कॉलेज से जमीन किराए पर लेकर अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था करने पर सहमति बनी।
वार्ड-10 महुअवां में बने कल्याण मंडप का संचालन शासन के निर्देशों के अनुसार करने का निर्णय लिया गया। नगर चौकी के बगल में बने वेंडिंग जोन में नियमानुसार पात्र स्ट्रीट वेंडरों को ही दुकानें आवंटित की जाएंगी। बैठक में सभासद सुराती देवी, ब्रज किशोर सिंह, जनिता पासवान, जितेंद्र कुमार, गोरखनाथ, अजय, सिद्धार्थ शुक्ल, राहुल पांडेय, अभय जायसवाल आदि शामिल रहे।