अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में तीन टीमों ने चलाया वृहद मेगा जांच अभियान
नौतनवा। पूर्वांचल बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर अधिशासी अभियंता एके सिंह के नेतृत्व में बिजली विभाग ने सोनौली कस्बे में छापेमारी की। इस दौरान 28 बकाएदारों का कनेक्शन काटते हुए बिजली चोरी के आरोप में एक उपभोक्ता के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। वहीं विभिन्न बकाएदारों से कुल 2.32 लाख रुपये का बकाया बिल तत्काल जमा भी कराया गया।
अधिशासी अभियंता एके सिंह ने बताया कि तीन अलग-अलग टीमें गठित कर सरहदी क्षेत्र सोनौली कस्बे में वृहद मेगा जांच अभियान चलाया गया। ट्रांसफॉर्मर में मीटर लगाकर बिजली चोरी के मद्देनजर घरों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि बिजली चेकिंग में एक उपभोक्ता को बिजली की चोरी करते पकड़ा गया, जिनके ऊपर एफआईआर दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त करीब 28 घरों की बिजली बिल बकाया होने पर उनका बिजली का कनेक्शन काट दिया गया। वहीं, विभिन्न उपभोक्ताओं से 2.32 लाख रुपया बकाया बिल भी जमा कराया गया। अभियान के दौरान ही 12 उपभोक्ताओं का भार अधिक पाए जाने पर उनकी भार वृद्धि भी की गई।