महराजगंज। होली को लेकर बाजार सज गया है। खरीदारी के लिए लोग की भीड़ भी उमड़ने लगी है। रंग, अबीर, गुलाल के साथ कपड़ों की अगल-अलग वेराइटी बाजारों में लोगों को लुभाने लगी है। ग्राहकों के बजट के अनुसार सामग्री उपलब्ध है। सोमवार को बस स्टेशन के पास रंग और गुलाल की खरीदारी करते लोग नजर आए। इस बार पिचकारी के साथ ही सिलिंडर से भी रंग बरसते नजर आएंगे। साथ ही गुलाल गन और पॉपर स्टिक भी बाजार में रंगीन छटा बिखेरने के लिए तैयार है।
व्यापारी राकेश ने बताया कि लाल, पीला, भगवा, गुलाबी, नीला, हरा अबीर लाया गया है। गोरखपुर के साहबगंज मंडी से खरीदारी हुई है। दो सौ रुपया किलो अबीर को बेचा जा रहा है। व्यापारी सृजन गुप्ता ने बताया कि दिल्ली से होली की खरीदारी हुई है। लगभग चार लाख रुपये सामान लाया गया है। लोगों की डिमांड पर इस बार रंग बरसे सिलिंडर मंगाया गया है। इस सिलिंडर में अलग-अलग रंग भरें गए हैं। छह किलो वाला सिलिंडर 1200 रुपये तो चार किलो वाला 800 रुपये मिल रहा है। वहीं दो किलो वाला सिलिंडर 650 रुपये बेचा जा रहा है। गुलाल पाॅपर स्टिक बाजार में बिक रहा है। इसमें तीन रंग शामिल किया गया है। 75 रुपये के एक स्टिक में लाल, हरा और नीला रंग मिलेगा। कोको ब्रांड का हरा और लाल रंग मार्केट में आया है।
पीडब्लूडी गेट के सामने स्थित कपड़े की दुकान पर व्यापारी सुनील जायसवाल ने बताया कि होली को देखते हुए चिकन कुर्ता, टीशर्ट, लड़कियों के लिए खास सूट लाए गए हैं। इस बार कारोबार अच्छा होने का संकेत है। पांच लाख रुपये का होली कपड़ा लाया गया है। टी-शर्ट 80 रुपये से लेकर 150 रुपये तक बेची जा रही है। कुर्ता 150 से लेकर 200 तक, सूट 200 से लेकर 300 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध है।
शहर के कोतवाली के पास लगे दुकान पर व्यापारी दीपक गुप्ता ने बताया कि होली को लेकर पेरेट फॉग गन मंगाया गया है। इस गन में गुलाल की गोली लगेगी और यह पूरी तरह सुरक्षित है। बच्चे हर बार कुछ नया खोजते हैं। इसको लेकर फॉग गन की डिमांड बढ़ी है। इसमें बच्चों को लाल, पीला, हरा गुलाल से होली खेलने को मिलेगा। इसकी कीमत 220 रुपये है। छड़ी पिचकारी 120, कुल्हाड़ी पिचकारी 165 और नागिन बीन 135 रुपये में बिक रही है।
-
ऑर्गेनिक गुलाल से नहीं होगा त्वचा को नुकसान
व्यापारी सृजन कुमार ने बताया की होली को लेकर लोगों के त्वचा का ध्यान रखा गया है। इस बार ऑर्गेनिक गुलाल ज्यादा लाया गया है। इससे होली खेलने के बाद उनका त्वचा खराब नहीं होगा। उन्होंने बताया की ऑर्गेनिक गुलाल 150 रुपये का तीन पिस दिया जा रहा है।