महराजगंज। सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ती जा रही है। स्थिति यह हो गई है कि सर्दी के कारण एक या दो डिग्री तापमान बढ़ने का भी असर नहीं दिख रहा है। बुधवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी से मौसम और सर्द हो गया। न्यूनतम 10 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बावजूद अहसास नहीं हुआ।
7 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली सर्द हवाएं शरीर से टकराकर कांटे की तरह चुभ रही हैं। गलन भरी ठंड के कारण लोगों को कंपकपी से किसी तरह की राहत नहीं मिल पा रही है। मंगलवार की देर रात मौसम पूरी तरह साफ दिखा, लेकिन सुबह होते ही हवाओं की बढ़ी रफ्तार ठिठुरन के साथ सिहरन पैदा करने लगी।
दिन में कोहरा नहीं होने के बाद भी बादलों ने डेरा डाले रखा। धूप न निकलने के कारण सिर्फ बाहर निकलने वाले ही नहीं घर में रहे लोग भी सर्दी से जूझने को मजबूर रहे। जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज के भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि सर्दी का क्रम जारी रहेगा। अभी सर्द हवा से निजात नहीं मिलने वाली है।