नेपाल राष्ट्र के सभी 77 जिलों में केंद्रीय व प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लगा दी गई है। दोनों पदों के चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा। रूपनदेही के प्रमुख जिलाधिकारी भरतमणि पांडे ने बताया कि चुनाव के 72 घंटे पूर्व भारत नेपाल की सीमा सील कर दी जाएगी।
रूपनदेही जिला केंद्रीय प्रतिनिधि के 5 व प्रदेश प्रतिनिधि सभा के 10 सीटे हैं। जिले में कुल 6 लाख 35 हजार मतदाता हैं, जो 208 मतदान केंद्र के 702 बूथों पर मतदान करेंगे। प्रमुख जिला अधिकारी ने बताया कि सीमावर्ती जिला व खुली सीमा होने के कारण यहां चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील बूथों के चिह्नीकरण का कार्य दशहरा पर्व के बाद शुरू किया जाएगा। जल्द ही चुनाव के मद्देनजर महराजगंज जिला प्रशासन के साथ एक समन्वय बैठक की जाएगी।
पगडंडियों पर विशेष निगरानी होगी
ऐसे तमाम मतदाता हैं, जो भारत व नेपाल दोनों देशों में मतदान करते हैं। उनकी घुसपैठ रोकने के लिए सीमा 72 घंटे सील की जाएगी। प्रमुख जिला अधिकारी ने बताया कि सरहद की पगडंडियों पर विशेष निगरानी होगी। सीमा सील के दौरान किन लोगों को सीमा पार करने की अनुमति होगी। उसके दिशा निर्देश अभी गृह मंत्रालय से नहीं आए हैं।