आईटीएम चेहरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में जेई-एईएस प्रभावित बच्चों से बात करते मुख्यमंत्री यो
- फोटो : MAHARAJGANJ
डॉक्टर की तरह सलाह देकर इंसेफेलाइटिस से बचाव पर दिया जोर
सीएम ने बीमारी से बचाव के तरीकों के बारे में दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आईटीएम चेहरी में दिन में 11.55 बजे पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों से औपचारिक भेंट के बाद इंसेफेलाइटिस से पीड़ित मरीजों से मुलाकात की। तत्पश्चात वह आईटीएम सभागार पहुंचे। यहां वह जब अपने संबोधन के दौरान चिकित्सकों की तरह लोगों को इंसेफेलाईटिस से बचाव के बारे में एक-एक कर उपाय बताने लगे तो तालियों की गूंज होने लगी। उन्होंने बेहतर ढंग से इस बीमारी के लक्षण पर विस्तार से प्रकाश डाला। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राजनीति की बातें न कर सिर्फ इंसेफेलाइटिस से बचाव पर ज्यादा जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौत का आंकड़ा पेश किया। 40 -42 साल पहले की स्थिति एवं अब के हालात के बारे में बताया। उन्होंने लोगों को यह बताने का भी प्रयास किया कि भाजपा सरकार की तरफ से इंसेफेलाइटिस से मासूमों को बचाने के लिए क्या-क्या उपाय किए गए। स्वास्थ्य सुविधाओं एवं जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मियों, ग्राम प्रधानों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं आदि के कार्यों पर भी उन्होंने प्रकाश डाला। कहा कि इस क्षेत्र में भूगर्भ जल स्तर ठीक है। कम गहराई पर ही पानी मिल जाता है। ऐसे में लोगों को जल के सेवन के प्रति सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने पानी को उबालकर पीने की सलाह देने के साथ ही स्वच्छता पर जोर दिया। शौचालय का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने के अलावा उन्होंने खुले में शौच से होने वाली बीमारियों के बारे में भी बताया। मुख्यमंत्री ने चिकित्सक की तरह से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को इंसेफेलाइटिस से बचाव के लिए जागरूक रहने की नसीहत दी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना से मिलने वाले लाभ के बारे में उन्होंने जानकारी भी दी। उन्होंने इंसेफेलाइटिस से पीड़ित 10 परिवारों को स्वच्छता किट भी प्रदान किया। इस दौरान एक महिला ने उन्हें आयुष्मान कार्ड दिखाकर बताया कि बहुत अच्छा है, साथ ही यह भी कहा कि लेकिन ईश्वर न करें कि योजना का लाभ लेने के लिए बीमार होना पडे़। उस महिला की बात का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों को यह बताने की कोशिश की कि सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंच रहा है। मुस्कुराते हुए उन्होंने सभी को स्वस्थ रहने एवं आसपास स्वच्छता की सलाह दी।