महराजगंज। जिले की आबोहवा में सुधार के लिए एनजीटी ने दखल बढ़ाया है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से इसके लिए पत्र जारी किया गया है। पत्र के मार्फत औद्योगिक संस्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश हैं, जिससे पर्यावरण नियमों का अनुपालन सख्ती से हो सके।
मानसून ठहराव के बीच वायु प्रदूषण कम करने के इंतजाम अभी से प्रभावी कर दिए गए हैं। प्रदूषण रोकने की कवायद शुरू की गई है। जिले के सभी औद्योगिक प्लांटों को पर्यावरण नियमों का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी के मुताबिक केंद्र सरकार की तरफ से चलाए जा रहे क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत सक्रियता बढ़ाते हुए नियम अनुपालन के लिए चीनी मिलों व समस्त ईंट भट्ठा संचालकों को निर्देश जारी किए जाएंगे। विज्ञानियों के मुताबिक वायुमंडल में कुछ विशेष कणों की मौजूदगी गंभीर खतरा बन सकती है। मरकरी अर्थात पारा की अधिकता से दिमागी बीमारी, ऑर्सेनिक से कैंसर, क्रोमियम से आंत संबंधी बीमारी का खतरा बढ़ा है। हालात देखते हुए एनजीटी व सरकार की तरफ से कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
इसके तहत नेशनल एयर क्लीन प्रोग्राम चलाया जा रहा है। हालात को देखते हुए, पिछले दिनों पूरे जिले में एयर क्लीन प्रोग्राम के तहत पर्यावरण नियमों का अनुपालन व जागरूकता प्रभावी की गई है।