पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भवानीपुर कुर्मी टोला का मामला
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भवानीपुर कुर्मी टोला निवासिनी सीमा देवी व नीलम ने घर के बगल में नाली की सफाई और गड्ढा खोदने को लेकर एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने पर नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों से चार-चार आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
सीमा देवी की तहरीर के अनुसार बृहस्पतिवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे सीमा की सास पार्वती देवी घर के बगल में बनी नाली की सफाई कर रही थीं। पुरानी रंजिश को लेकर खार खाए बैठे उसके विरोधी पप्पू, मुन्नीलाल, किरन व पिंकी उसके दरवाजे पर चढ़ कर भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। मना करने पर उसे व उसकी सास को लात, मुक्का, लाठी-डंडे से मारकर घायल कर दिया।
वहीं नीलम की तहरीर के अनुसार, शैलेश, शैलेन्द्र, जयनाथ व अंकित उसके घर के सामने गड्ढा खोदने लगे। मना करने पर उक्त लोगों ने उसे बुरी तरह मारा पीटा। इस संबंध में एसओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों महिलाओं की तहरीर पर दोनों तरफ के चार-चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।