महराजगंज। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण पर प्रमुख सचिव ने मंडल स्तरीय जूम समीक्षा के दौरान प्रदेश स्तर 60वां और मंडल स्तर पर चौथा रैंक आने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सीएमओ को निर्देशित किया कि टीकाकरण के प्रगति को बेहतर बनाया जाए।
इसके लिए सप्ताह में एक बार समस्त सीएचसी अधीक्षण और पीएचसी के प्रभारियों के साथ बैठक कर समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि टीकाकरण सत्र की यू-विन पोर्टल पर एएनएम की ओर से फीडिंग में लापरवाही बरती जा रही है। इसे सही किया जाए। सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने टीकाकरण सत्र में प्रदेश एवं मंडल स्तर पर बेहतर परिणाम न आने पर समस्त सीएचसी के अधीक्षकों और पीएचसी के प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। इसे एक सप्ताह के भीतर सुधार करें और इसकी प्रगति रिपोर्ट यू-विन पोर्टल पर अपलोड करें। इसके अलावा सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी के अधीक्षक को स्पष्टीकरण मांगा है कि दो दिनों के भीतर सीएमओ कार्यालय में जवाब दें। बिना उच्चाधिकारियों के संज्ञान में डाले कैसे एएनएम को नियमित छुट्टी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सीएचसी अधीक्षक के स्तर से जवाब नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी।