महराजगंज। ठंड बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सामान्य दिनों में जहां औसतन 700 मरीजों की ओपीडी होती थी, अब करीब 900 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें निमोनिया सर्दी-खांसी व कोल्ड डायरिया से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक है।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में बड़ी संख्या में मरीज व उनके तीमारदार मौजूद रहे। पर्ची काउंटरों पर लंबी लाइन लगी थी। इसमें ऐसी महिलाएं थी, जिनकी गोद में छोटे-छोटे बच्चे नजर आए। मुड़िला गांव की संजना व बड़हरा की ने अंकिता ने बताया कि उनके बच्चे को कोल्ड डायरिया हो गया है। उसी के इलाज के लिए कतार में लगी हैं।
बालरोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल चौधरी ने कहा कि इस मौसम में छोटे बच्चों पर सर्दी का असर अधिक होता है। ऐसे में बचाव के लिए सावधानी बरतनी चाहिए। बच्चों को गुनगुने पानी से नहलाने के साथ ही गुनगुना पानी पिलाएं। ठंडा दूध कतई न पिलाएं।