दुर्व्यवस्था के बीच शुरू हुई बच्चों की परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। परिषदीय स्कूलों में शनिवार को अर्द्धवार्षिक परीक्षा दुर्व्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई। कई स्कूलों में विद्यार्थियों को खुले में चटाई पर बैठाकर परीक्षा दिलाई गई। कई बच्चे चटाई पर बैठे रहे तो कुछ ने जमीन पर बैठकर जैसे तैसे परीक्षा दी। कुछ विद्यालयों में टूटे हुए फर्श पर बैठकर बच्चों ने परीक्षा दी।
जिले के कुल 1478 प्राथमिक व 678 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू हुई। कक्षा दो से आठ तक कुल एक लाख 67 हजार 316 विद्यार्थी करीब नामित हैं। कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा ली गई। परीक्षा के पहले दिन सभी कक्षाओं की हिंदी विषय की परीक्षा हुई। पांच नवंबर तक चलने वाली परीक्षा के लिए विभाग की ओर से आवश्यक दिशानिर्देश दिए जाने के बाद ही कई केंद्रों पर देर से परीक्षा शुरू हुई। घुघली विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर में 161 विद्यार्थी नामित रहे। इसमें कक्षा एक के करीब 35 छात्रों की मौखिक परीक्षा ली गई। कक्षा दो से पांच तक करीब 126 विद्यार्थी लिखित परीक्षा के लिए नामित थे। परीक्षा स्कूल परिसर में बच्चों को चटाई पर बैठाकर कराई गई। कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों ने चटाई पर बैठकर एक साथ परीक्षा दी। कुछ बच्चे तो जमीन पर बैठकर परीक्षा दिए। प्राथमिक विद्यालय उसरहवां टोला बरवा चमईनियां में कक्षा एक से पांच तक की परीक्षा के लिए नामित कुल 36 बच्चों में से 21 मौजूद रहे। यहां विद्यार्थियों को दो कमरों में बैठाकर परीक्षा कराई गई। सहायक अध्यापक सर्वेश कुमार और अजय कुमार गुप्ता मौजूद मिले। प्राथमिक विद्यालय किशुनपुर में कुल नामांकित 27 बच्चों में 10 ने परीक्षा दी।