महराजगंज। राजकीय माध्यमिक स्कूलों में इस सत्र में कैरियर चयन को लेकर सभी इंतजाम कर दिए गये हैं। लाभ इन स्कूलों में पढ़ने वालों को यह मिलेगा कि वह आगे किस क्षेत्र को लक्ष्य बनाकर अपनी शिक्षा को राह दें। प्रबंध बेहतर करने के लिए जनपद के 29 राजकीय स्कूलों के लिए 8.25 लाख रुपये शासन स्तर से जारी किए गये हैं।
जिले में 29 राजकीय माध्यमिक स्कूलों में कुल 6 हजार नामांकन है। यूपी बोर्ड राजकीय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए कुछ विशेष इंतजाम करती है जिससे पढ़ने वाले बच्चे किताबी ज्ञान से हटकर भी जानकारी लेकर निपुण हो सकें। कैरियर को लेकर कुछ इसी तरह के इंतजाम मौजूदा सत्र के लिए किए गये हैं। बीते सत्र में सिर्फ स्कूलों में कैरियर मेला आयोजन का निर्देश था, लेकिन इसकी सफलता देखकर कैरियर मेला के साथ स्कूल में कैरियर हब विकसित करने और बच्चों के उन्मुखीकरण में अभिभावकों का सहयोग लेने के लिए शिक्षक अभिभावक बैठक के लिए भी धनराशि अवमुक्त की गई है। इसके लिए जिले के सभी स्कूलों को 8.25 लाख रुपये अवमुक्त हुए हैं।
प्रत्येक स्कूल को अलग- अलग मद में समान राशि-राजकीय माध्यमिक स्कूल सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल यादव ने बताया कि तीन कार्यक्रम के लिए एक स्कूल को 28500 रुपये जारी हुए हैं।