महराजगंज। मनरेगा के तहत क्रेडिट पर कराए गए निर्माण कार्यों का भुगतान न होने से ग्राम प्रधान परेशान हैं। इसको लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रधानों ने कहा कि अपने क्रेडिट पर फर्मों से कराए गए कार्यों का 90 करोड़ बकाया हो गया है। फर्म बकाया धनराशि मांग रहे हैं। एक सप्ताह में भुगतान न होने पर उन्होंने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
प्रधान संगठन के बैनर तले जिलाधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में पक्के कार्य कराए गए। इसमें आंगनबाड़ी पंचायत भवन, विद्यालय, आरसीसी नाली, पशु शेड, अमृत सरोवर, अन्नपूर्णा भवन आदि का निर्माण कराया गया। उन कार्यों का सामग्री अंश में 90 करोड़ बकाया है।
फर्म बकाया वसूली का दबाव बना रही हैं, जिससे ग्राम प्रधान बहुत परेशान हैं। जबकि वाराणसी जनपद के ग्रामप्रधानों का 24 करोड़ भुगतान कर दिया गया। ज्ञापन सौंप ग्राम प्रधानों ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर मनरेगा के बकाया सामग्री अंश का भुगतान नहीं किया जाता है तो प्रधान ब्लाॅक स्तर पर धरना-प्रदर्शन और बहिष्कार करने को बाध्य होंगे। इस अवसर पर जिला संरक्षक वीरेंद्र सिंह, चर्तुभुज सिंह, अमरजीत साहनी, रमेश सिंह, जयसिंह, ब्रह्मानंद, राधेश्याम, मुन्नीलाल, कमलेश कुमार गोंड मौजूद रहे।