3400 आवेदनों का जारी है सत्यापन कार्य
महराजगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद में सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आगामी 9 और 10 जुलाई को पांचों विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, कार्यक्रम स्थलों का अंतिम चयन अभी किया जाना बाकी है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, पांचों विधानसभा क्षेत्रों से अब तक करीब 3400 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों का सत्यापन युद्धस्तर पर किया जा रहा है। विभागीय अधिकारी दस्तावेजों और पात्रता की जांच में जुटे हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों का आयोजन पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल जल्द ही तय कर संबंधित अधिकारियों और लाभार्थियों को इसकी सूचना उपलब्ध करा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह का आयोजन शासन की ओर से कराया जाता है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह में आर्थिक सहायता के साथ आवश्यक गृहस्थी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।