फरेंदा। छात्रों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को कस्बे में विशेष जांच अभियान चलाया। इसमें स्कूल वाहनों की जांच की गई। साथ ही कमी मिलने पर करीब 22 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
यातायात प्रभारी अरूणेंद्र प्रताप सिंह ने स्कूली बच्चों को सुरक्षित ले जाने वाले वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, सेफ्टी किट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और गैस सेफ्टी किट जैसी जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली।
जांच में कुछ गाड़ियों के पास वैध फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला। यातायात पुलिस ने 10 वाहनों का चालान किया और कुल 22,000 रुपये का जुर्माना भी वसूला। वहीं कुछ वाहनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
यातायात प्रभारी ने कहा, बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा जो वाहन मानकों का पालन नहीं करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट व सीमित गति और नशामुक्त ड्राइविंग जैसे नियमों की जानकारी दी गई। संवाद