महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत परसौनी निवासी एक युवक को जालसाजों ने कनाडा में पेप्सिको कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर झांसा दिया। फिर जालसाजों ने युवक से कई किस्तों में 3.51 लाख रुपये की ठगी कर ली।
उसके बाद जालसाजों ने संपर्क नंबर भी बंद कर लिया। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित युवक की तहरीर के आधार पर पांच जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चौक थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी मोहम्मद सरफुद्दीन ने पुलिस से बताया कि वह एमसीए की पढ़ाई कर रहा है। वह नौकरी की तलाश में विदेश जाने की तैयारी में जुटा था। इस बीच व्हाट्सएप और ईमो के माध्यम से मोहम्मद दिलवार नामक शख्स से उनकी जान पहचान हुई। इस दौरान शख्स ने बताया कि मैं पेप्सीको कंपनी ओटावा कैनेडा में एमडी पोस्ट पर चयनित हूं। ऐसे में आपको कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पोस्ट पर नौकरी लगवा देंगे।
नौकरी लगने में कुल 7,00,000 रुपये लगेंगे। जिसका 50 फीसदी रकम और पासपोर्ट की फोटो कॉपी आपको तत्काल देना पड़ेगा। इतना ही नहीं शख्स ने कंपनी में नौकरी दिलाने के लिए अप्लाई फार्म जमा करने के लिए 25,500 रुपये का डिमांड कर एक खाता नंबर दिया। उसके बाद उन्होंने डिमांड की उक्त रकम को 21 अक्तूबर 2024 को गुगल पे के माध्यम से भेज दिया। फिर दूसरी बार शख्स ने 75,500 रुपये का डिमांड कर दूसरा खाता नंबर दिया।
उसके बाद उन्होंने फिर से 23 अक्तूबर 2024 को गूगल पे के माध्यम 75,500 रुपये भेज दिया। उक्त शख्स ने तीसरी बार उनसे 1,30,000 रुपये का डिमांड किया। फिर उन्होंने 26 अक्तूबर 2024 को 60,000 रुपये गुगल पे के माध्यम से भेजा। 28 अक्तूबर 2024 को उन्होंने एक बार फिर से 70,000 रुपये गुगल पे के माध्यम से भेजा। उसके बाद शख्स ने 1,20,000 रुपये का डिमांड किया। फिर उन्होंने 4 नवंबर 2024 को 80,000 रुपये, 5 नवंबर 2024 को 40,000 रुपये भेजा। इस तरह से जालसाजों ने उनसे कुल 3,51,000 रुपये ले लिया और वीजा भी नहीं दिया। इतना ही नहीं जालसाज ने सभी संपर्क नंबरों को भी बंद कर दिया।
साइबर थाना प्रभारी सजनु यादव के अनुसार पीड़ित युवक की तहरीर पर आरोपी मोहम्मद दिलावर, अली मोहम्मद, राकेश सना, कार्तिक मंडल और सुमन मंडल के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।