घुघली। थाना क्षेत्र के बेलवा टीकर गांव में एक स्कूल के गेट के सामने कार खड़ी करने को लेकर बुधवार को बवाल हो गया, जिसमें पुलिस ने स्कूल प्रबंधक की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बेलवा टीकर गांव में एक निजी स्कूल के प्रबंधक गोपाल चौधरी ने थानाध्यक्ष घुघली को दी तहरीर में बताया कि गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान और भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश जायसवाल ने स्कूल गेट के सामने अपनी कार खड़ी कर दी, जिससे स्कूल के अध्यापकों और छात्रों को आने-जाने में असुविधा हो रही थी। शिक्षक अतुल चौधरी ने गाड़ी को सामने से हटाकर अन्यत्र खड़ा करने के कहा तो वह गाली देते हुए मारने पीटने लगे।
फोन से अपने कुछ अन्य लोगों को बुलाकर देख लेने की धमकी दी। इस बीच दिनेश जायसवाल के बुलाने पर अर्जुन जायसवाल, रंजीत जायसवाल, मंजेश जायसवाल व भोलू जायसवाल भी आ गए और अतुल चौधरी की फिर पिटाई कर दी।
बीच बचाव करने गए स्कूल ड्राइवर सत्येंद्र चौधरी की भी पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह के अनुसार, तहरीर मिली है। इस मामले में दिनेश जायसवाल, अर्जुन जायसवाल, रंजीत जायसवाल, मंजेश जायसवाल और भोनू जायसवाल पर सुसंगत धाराओं में केस पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।