लक्ष्मीपुर। स्थानीय ब्लॉक सभागार में शनिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई के चुनाव के दौरान शिक्षकों के बीच मारपीट हो गई। शिक्षक एक दूसरे पर कुर्सिंयां और डंडे लेकर टूट पड़े, जिससे आधे घंटे तक अफरा-तफरी का आलम रहा। इस बवाल में सभागार की तमाम कुर्सियां टूट गईं। आधे घंटे तक पूरे परिसर में अफरा-तफरी मची रही।
जानकारी के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ब्लॉक सभागार में शनिवार को प्राथमिक शिक्षक संघ का चुनाव आयोजित हुआ। अध्यक्ष पद के लिए अख्तर हुसैन, मोहम्मद जावेद खान और मोहम्मद सैयद मैदान में थे। वहीं महामंत्री पद के लिए रामसेवक यादव और ध्रुव नारायण गुप्त ने नामांकन दाखिल किया था। शुरुआत में माहौल सामान्य रहा, लेकिन पर्चा जांच के दौरान विवाद ने तूल पकड़ लिया।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अख्तर हुसैन ने प्रतिद्वंद्वी जावेद खान के पर्चे पर कई आपत्तियां दर्ज कराईं। चुनाव अधिकारी चंदन दुबे और दिलीप विश्वकर्मा ने जांच में जावेद खान का पर्चा खारिज कर दिया। इस फैसले ने माहौल को गरमा दिया। इसको लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों और समर्थक शिक्षकों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। मामला यहीं नहीं रुका। इसी बीच प्रत्याशी मोहम्मद सैयद ने जिला महामंत्री अंबरीश शुक्ल के हाथ से पर्चा छीनने का प्रयास किया। यह दृश्य देखते ही उपस्थित शिक्षक भड़क उठे। मिनटों में नोकझोंक धक्का-मुक्की में बदल गई और देखते ही देखते उनमें मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान भगदड़ और हाथापाई के कारण कई शिक्षकों के घायल होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट में कुछ लोग कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर फेंकने लगे। कई शिक्षक हाथों में डंडा लेकर दौड़ते नजर आए। पूरा ब्लॉक सभागार शोरगुल और हंगामे से गूंज उठा। लगभग आधे घंटे तक स्थिति बेकाबू बनी रही।
इस चुनावी कार्यक्रम में संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र और जिलाध्यक्ष बलराम निगम भी मौजूद रहे। उनके सामने यह हंगाम हुआ, मगर कोई भी शिक्षक गुट पीछे हटने को तैयार नहीं था। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे।
-
यह पूरी घटना निंदनीय और शर्मनाक है। शिक्षक समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली इस घटना की हम भर्त्सना करते हैं। ऐसे हालात संघ की छवि को धूमिल करते हैं।
-बलराम निगम, जिलाध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ
-
शिक्षकों की ओर से पत्रक दिया गया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-मनोज राय, पुरंदरपुर थाना