फरेंदा। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ बृहस्पतिवार को सीओ अनिरूद्ध कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। फरेंदा, पुरंदरपुर और कोल्हुई थाना क्षेत्र हाइवे के किनारे नो पार्किंग में खड़े 28 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही वाहन चालकों को सड़क के किनारे बेतरतीब वाहन न खड़ा करने के लिए जागरूक किया गया।
अमर उजाला के 18 सितंबर के अंक में ट्रक चालकों की मनमानी राहगीरों की जान पर भारी, शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। सीओ अनिरूद्ध कुमार ने बताया कि गोरखपुर सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढाबा व चाय की दुकानों के सामने खड़े बड़े वाहनाें के खिलाफ अभियान चलाया गया, जो भी वाहन सड़क के किनारे खड़े मिले उनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
पुलिस टीम ने गोरखपुर सोनौली राजमार्ग के कैंपियरगंज जंगल, फरेंदा बाईपास, पिपरामौनी, बाजारडीह सहित तमाम जगहों पर जांच के दौरान अवैध ढंग से वाहन खड़े मिले, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उनके खिलाफ आगे भी अभियान चला कर कार्रवाई की जाएगी। कोहरे के दिनों में दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिसको लेकर लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। छोटे वाहन चालकों को नो पार्किंग में वाहन खड़ा न करने की हिदायत भी दी गई। करीब 100 वाहन चालकों को जागरूक किया गया।
निर्माणाधीन हाईवे पर भी की जांच
निर्माणाधीन गोरखपुर सोनौली राजमार्ग पर भी पुलिस टीम ने डायवर्जन व संकेतांक की जांच की। डायवर्जन के जगहों पर संकेतांक को भी देखा, जिससे राहगीरों को कोई समस्या न हो। अंधेरे में अधिकतर दो पहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं।