महराजगंज। दिनचर्या अनियमित होने और कम्प्यूटर स्क्रीन, लैपटॉप, मोबाइल का उपयोग अधिक करने वाले युवा सर्वाइकल और स्पॉन्डिलाइटिस की चपेट में आ रहे हैं। गर्दन में अकड़न, सिर, कमर व पैरों की नसों में खिंचाव के दर्द से परेशान युवा ओपीडी पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज हड्डी रोग विशेषज्ञ से मदद ले रहे हैं।
बृहस्पतिवार जिला अस्पताल में 767 मरीजों का उपचार हुआ, जिसमें 23 सर्वाइकल समस्या से जूझ रहे थे। सर्वाइकल-स्पॉन्डिलाइटिस बीमारी का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। इसकी शुरुआत में गर्दन की नसों में दर्द व अकड़न महसूस होती है। बाद में गर्दन से हाथ व कमर के नीचे पहुंच जाता है।
अस्थि रोग विशेषज्ञ डाॅ. विकास ने बताया कि यह समस्या ऊंचा सिरहाना रखने, लैपटाॅप पर लगातार घंटों काम करने, गर्दन झुकाकर मोबाइल चलाने के कारण मांसपेशियों में तनाव होने से बढ़ रही है। सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि सर्वाइकल पीड़ित युवाओं की संख्या अधिक मिल रही है। ऐसे मरीजों को व्यायाम, फिजियोथेरेपी की सलाह के साथ दवाएं दी जा रही हैं। दिनचर्या में बदलाव की जरूरत सर्वाधिक होती है।