परतावल। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह ने मंगलवार को फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। इसके लिए परतावल के ग्राम पंचायत श्यामदेउरवा, महम्मदा एवं चौपरिया और परतावल के धनगड़ा में शिविर लगाए गए थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों से फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और उसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने शिविर में उपस्थित कर्मचारियों को अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें अभियान के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। इस दौरान खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव, एडीओ समाज कल्याण श्यामसुंदर तिवारी सहित सभी सचिव व लेखपाल उपस्थित रहे।