महराजगंज। अब वायरल बुखार या अन्य संक्रमण की जांच के लिए ग्रामीणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों या जिला अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जल्द ही जिले के सभी 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कंप्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी) जांच की सुविधा मिलेगी।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शासन को आवश्यक संसाधन और लैब टेक्नीशियन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए पत्र भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रत्येक सीबीसी मशीन की खरीद पर करीब तीन लाख रुपये खर्च होंगे। वर्तमान में यह सुविधा सिर्फ जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर है। निजी लैब में जांच कराने पर मरीजों को 200 से 315 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। जबकि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह जांच निशुल्क होगी। मौसम परिवर्तन के कारण वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जिला अस्पताल में रोजाना 150 से 200 मरीजों की सीबीसी जांच की जा रही है। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मरीज शामिल हैं। पीएचसी स्तर पर यह सुविधा मिलने से ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। साथ ही यह सुविधा डेंगू जैसी बीमारियों की शीघ्र पहचान में भी मददगार साबित होगी, क्योंकि सीबीसी जांच से प्लेटलेट्स, हीमोग्लोबिन (एचबी), व्हाइट ब्लड सेल्स (डब्ल्यूबीसी) और रेड ब्लड सेल्स (आरबीसी) जैसी विशेष जानकारी मिलती है।
एसीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि डेंगू के मामलों में प्लेटलेट्स की संख्या तेजी से गिरती है। ऐसे में पीएचसी स्तर पर ही इसकी जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को तत्काल सही उपचार मिल सकेगा।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि जल्द ही सभी पीएचसी में सीबीसी मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए लैंब टेक्नीशियन की तैनाती होगी। इससे जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच का दबाव कम होगा। संवाद