पानी में ही कराई जा रही नाली के बेस की ढलाई।
ठूठीबारी। कस्बे में नाली निर्माण के बेस की ढलाई नाली में भरे पानी में कराई जा रही है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
ठूठीबारी से महराजगंज तक एनएच 730 के चौड़ीकरण का कार्य हो रहा है। इसी क्रम में कार्यदायी संस्था की ओर से ठूठीबारी कस्बा में नाली निर्माण कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। निर्माण एजेंसी की ओर से नाली के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ है। मुकेश निगम, श्यामू, नीरज सोनी, राजेश, राजकुमार का कहना है कि पानी में ढलाई से निर्माण की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा, जिससे कुछ ही समय में नाली टूटने की आशंका है। इंजीनियर हरेंद्र सिंह ने बताया प्रकरण संज्ञान में है जांच की जा रही है। संवाद