महराजगंज। सहकारी समितियों पर 31 अगस्त से उत्पाद क्रय करने के बाद नकद भुगतान की व्यवस्था समाप्त हो जाएगी। सभी तरह की बिक्री का भुगतान किसानों को डिजिटल पेमेंट करना होगा। सभी समितियों पर क्यूआर कोड चस्पा कराया जा रहा है। अब समिति भी खाद इत्यादि की डिमांड का भुगतान ऑनलाइन ही करेगी। क्यूआर कोड जेनरेट करने में सहकारिता विभाग की तकनीकी टीम जुटी है।
जनपद के 96 साधन सहकारी समितियों पर किसान इसी माह से ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। जिले में करीब 5 लाख किसान इससे प्रभावित होंगे। सहकारी समितियों को हाईटेक बनाने के लिए सहकारिता विभाग ने डिजिटलीकरण की पहल की है। पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। अब संबंधित समिति का क्यूआर कोड तैयार किया जा रहा है। रबी व खरीफ सीजन में किसानों को खाद की सबसे अधिक जरूरत होती है। अब तक किसान खाद के मूल्य का भुगतान नकद करते हैं। डिजिटल भुगतान करने से उत्पाद के अधिक मूल्य वसूलने की शिकायतें समाप्त हो सकेंगी क्योंकि लेनदेन का रिकार्ड डिजिटल उपलब्ध हो सकेगा।
सभी साधन सहकारी समितियों को डिजिटलीकरण के तहत डिजिटल भुगतान की सुविधा 31 अगस्त से प्रभावी की जा रही। सभी समितियों का अलग-अलग क्यूआर कोड जारी कर चस्पा कराया जा रहा है। धीरे-धीरे नकद भुगतान की सुविधा समाप्त की जाएगी।