महराजगंज। तापमान बढ़ने व पसीने से लोगों में त्वचा संबंधित रोग भी बढ़ने लगे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों रोजाना त्वचा रोग से संबंधित 20 से 25 मरीज पहुंच रहे हैं। मंगलवार को ओपीडी में 764 मरीजों का उपचार हुआ, जिसमें 27 त्वचा संबंधित परेशानी लेकर पहुंचे।
गर्मी बढ़ते ही फंगल इंफेक्शन की शिकायत बढ़ी है। इस मौसम में पसीने के कारण फंगल इन्फेक्शन के मामले तेजी से बढ़े हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस व त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि बदले मौसम में फंगल इंफेक्शन तेजी से बढ़ा है। इसलिए सावधान रहने की जरूरत है।
फरवरी तक चार से पांच मरीज फंगल इंफेक्शन के आते थे, अब रोजाना 20 तक पहुंच रहे हैं। फंगल इंफेक्शन की पहचान खुजली, दर्द, लालिमा, त्वचा पर दाने, चकत्ते आदि से कर सकते हैं। लक्षणों को नजर अंदाज करने से दिक्कत और गंभीर रूप ले सकती है। इसलिए फंगल इन्फेक्शन होने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाकर मरहम या लोशन का उपयोग करें।
बचाव ही कारगर उपाय
फंगल इंफेक्शन से बचने के लिए रोजाना ताजे और ठंडे पानी से नहाएं। टंकी के पानी का इस्तेमाल कम करें। त्वचा के लिए एंटी बैक्टीरियल साबुन का प्रयोग करें। इंफेक्शन है तो पहनने के कपड़ों को गर्म पानी से साफ करें और धूप में अच्छे से सुखाएं। अंडर गारमेंट रोज बदलें, तौलिए को धूप में अच्छे से सुखाएं। इंफेक्शन से ग्रसित मरीज के कपड़ों को परिजनों के कपड़ों से अलग रखें व धुलें। गर्मी में तंग कपड़े न पहनें।