निचलौल (महराजगंज)। भूमि विवाद के मामले में एक पक्ष को लॉकअप में बैठाने, दुर्व्यवहार और एक तरफा कार्रवाई करने पर विशेष न्यायाधीश एससी एसटी कोर्ट शाकिर हसन के आदेश पर पुलिस ने निचलौल के तत्कालीन थाना प्रभारी और पुलिस कर्मी समेत तीन पर केस दर्ज किया है। वर्तमान में थाना प्रभारी निरीक्षक देवरिया जिले के मदनपुर में तैनात हैं।
विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी न्यायालय में दाखिल वाद में पिपराकाजी निवासी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि उसने अपनी मां तेतरा देवी के नाम से भूमि खरीदा था। उक्त भूमि पर वह काबिज भी है। आरोप है कि गांव का ही एक व्यक्ति अपना अधिकार जता रहा है। इस मामले में तीन जुलाई 2023 को दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया था।
जब वह थाने पर पहुंचा तो थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ दुर्व्यहार किया। इतना ही नहीं बगैर किसी सूचना के उन्हें लॉकअप में भी बंद कर दिया। हद तो तब हो गई, जब उनके खिलाफ एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया, जबकि दूसरे पक्ष को थाने से जाने दिया। इस मामले में उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी न्यायालय में वाद दाखिल किया।
थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि मामले में न्यायालय के आदेश पर तत्कालीन थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह, सिपाही परमहंस कुमार गौंड सहित तीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।