नौतनवा। नगर के बाइपास स्थित एक मैरिज हाल में हिंदू धर्म विरोधी गतिविधियां होने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। दो आरोपियों को सोमवार को रात एसडीएम न्यायालय से चालान के बाद जेल भी भेज दिया गया।
बजरंग दल के सत्यम सोनी निवासी इंदिरा नगर ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रविवार को नौतनवा बाइपास पर स्थित एक मैरिज हाल में विभिन्न स्थानों से आए सैकड़ों की संख्या में लोग कथित संत रामपाल के सत्संग के लिए एकत्रित थे, जिनके पास एक किताब थी।
उन्होंने बताया कि उक्त किताब को पढ़ा गया तो उसमें हिंदू धर्म के देवी-देवताओं एवं धार्मिक पुस्तक गीता और उसके सार के प्रति अपमानजनक एवं अशोभनीय बातों का उल्लेख किया गया था।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि तहरीर के आधार पर नंदलाल शर्मा एवं हरिप्रसाद यादव निवासी फरेंदा, रवि गुप्ता निवासी कस्बा नौतनवा व एक अज्ञात निवासी अड्डा बाजार के विरुद्ध धार्मिक भावनाओं को ठेंस पहुंचाने की धारा में केस दर्ज किया गया। इनमें से हरिप्रसाद एवं नंदलाल शर्मा को एसडीएम न्यायालय से चालान करके जमानत प्रपत्रों के सत्यापन होने तक जेल भेज दिया गया। संवाद