ठूठीबारी। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का उलाहना देने गए तीन लोगों को एक समुदाय के लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार के पिता व भाई मोहर्रम का जुलूस देखने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान एक समुदाय के कुछ लोग घर का दरवाजा खटखटाने लगे। घर में मौजूद किशोरी ने दरवाजा खोला तो तीन युवक घर में घुस गए और छेड़छाड़ हरकत करने लगे। शोर मचाने पर आरोपी भाग गए। जब पिता व भाई आए तो युवती ने घटना की जानकारी दी।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे जब परिजन आरोपित के घर घटना के संबंध में पूछताछ करने पहुंचे तो आरोपियों ने लाठी-डंडा, फरसा, भाला से हमला कर दिया, जिससे प्रमोद तिवारी, निखिल तिवारी व नरगिस तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी समीर, साहिल, इमरान, अरमान, सलमान, कमरुद्दीन, इम्तियाज व नसरुद्दीन की पत्नी के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। संवाद