महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरुतिया पासी टोला निवासी एक महिला ने पुलिस से शिकायत कर ससुराल के लोगों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाई थी। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति समेत पांच के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर ली है।
पीड़िता सपना ने बताया है कि उनकी शादी वर्ष 2016 में राजेश कुमार निवासी अलगटपुर सुरत थाना कैम्पियरगंज जनपद गोरखपुर के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक ससुराल में सब कुछ ठीक रहा। लेकिन कुछ दिन बाद ससुराल के लोग उन्हे दहेज के लिए मारने पीटने लगे। इसी बीच वह दो बेटी रिया और रितिका का जन्म दिया। उसके बाद भी पति अपने परिजनों के साथ मिलकर उनका उत्पीड़न करते थे। इसी बीच अगस्त 2023 को बिना किसी वजह के पति परिजनों के साथ मिलकर एक लाख रुपये की मांग करते हुए उन्हे मारपीट कर घर से भगा दिए। जिसके बाद से वह मायके में रहती है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद गुप्ता के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति राजेश कुमार, हरिवंश, बेलासी, अखिलेश और सीमा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।