सोनौली। बृहस्पतिवार को दोपहर साइकिल से कैरियर लहसुन लेकर आसानी से सरहद पार हो गया। उसपर किसी की नजर नहीं पड़ी। शुरुआत में वह गाड़ियों की आड़ में पीछे रहा। धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए सरहद पार हो गया।
सूत्रों की माने तो चाइनीज लहसुन साइकिल से सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंचाया जाता है। बृहस्पतिवार की दोपहर में 3.30 बजे नेपाल बेलहिया कस्बे से साइकिल पर एक क्रेट चाइनीज लहसुन एक कैरियर लेकर दो नंबर गली की तरफ जाता दिखा। सरहद के मुख्य सड़क बेलहिया भंसार के सामने से कैरियर नेपाल पुलिस चौकी को पार किया और दो नंबर गली की तरफ चला गया। सोनौली कस्बे में पहुंच गया। कैरियर ने बताया बेलहिया नेपाल सीमा में एक गोदाम में चाइना लहसुन डंप है। वहां से सोनौली दो नंबर गली गोदाम में पहुंचाना रहता है। एक बार लाने पर 200 रुपये मिलते हैं। एसएसबी 22वीं वाहिनी सहायक कमांडेंट सेफवान एन ने बताया कि लहसुन की तस्करी की सूचना नहीं है। इसकी जांच की जाएगी। सीमा पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है। संवाद