पनियरा। पनियरा-परतावल मार्ग एनएच 328 पर टेमर नाले के पास शुक्रवार को अपराह्न दो बजे अनियंत्रित बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार सड़क किनारे करीब पंद्रह फीट नीचे गड्ढे में गिर गई। गनीमत रही कि कार सवार चार लोग बाल-बाल बच गए। सभी मामूली चोट लगी है।
कार सवार शैलेश सिंह के मुताबिक वह श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मलमलिया सिरसिया निवासी हैं। वह अपने तीन साथियों सत्यम सिंह, अकबर अली और अरधन के साथ कार से मौलागंज किसी से मिलने जा रहे थे। अभी वे टेमर नाले के पास पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार बाइक वाला सामने से गुजरा। उसे बचाने के प्रयास में कार गड्ढे में गिर गई। दुर्घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। कार को पुलिस की मौजूदगी में क्रेन से निकलवाया गया।