निचलौल तहसील परिसर स्थित कैंटीन और स्टैंड की हुई नीलामी, छह ने लगाई बोली
निचलौल। तहसील परिसर स्थित कैंटीन और साइकिल स्टैंड की नीलामी के लिए मंगलवार को बोली लगाई गई। नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कैंटीन को 15 लाख और साइकिल स्टैंड को 1.14 लाख रुपये की बोली में नीलाम कर दिया गया। तहसील प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तहसील स्थित कैंटीन और साइकिल स्टैंड की नीलामी के लिए पूर्व में सूचना के आधार पर तहसील सभागार में बोली लगाई गई। इस नीलामी में बोली लगाने के लिए छह लोग शामिल हुए। कैंटीन की नीलामी के लिए सबसे पहले उमेश ने 1,80,500 की बोली लगाकर शुरुआत की। जय गोविंद ने सर्वाधिक 15 लाख की बोली लगाकर कैंटीन को अपने नाम करा लिया। इसी तरह तहसील परिसर ही स्थित साइकिल स्टैंड की नीलामी में बोलीदाता विशाल पांडेय ने सर्वाधिक 1.40 लाख की बोली लगाकर अपने नाम कर लिया। नायब तहसीलदार ने कहा कि नीलामी की धनराशि का पचास फीसदी रकम जमा कराने के बाद कैंटीन और साइकिल स्टैंड को बोलीदाता को सुपुर्द कर दी जाएगी।