महराजगंज। परिवहन निगम ने होली को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। गोरखपुर, ठूठीबारी रूट पर विशेष रूप से बसें संचालित होंगी। फरेंदा रूट पर बसों का फेरा बढ़ा दिया गया है। वहीं चालक व परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। जाे चालक और परिचालक 22 मार्च से एक अप्रैल तक बिना किसी छुट्टी के 11 दिन तक ड्यूटी करेंगे, उनको 4400 रुपये प्रोत्साहन के रूप में मिलेंगे। वर्कशॉप में काम करने वाले कर्मचारियों को इतने ही दिन के लिए 1800 रुपये दिए जाएंगे। त्योहार में लगातार बसों के संचालन से यात्रियों को भी आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उन्हें निजी वाहनों में अतिरिक्त धन नहीं खर्च करने पड़ेंगे।
होली का त्योहार नजदीक आ गया है। दूर-दराज के लोग अपनों के बीच होली खेलने के लिए घर जाने की तैयारी कर रहे हैं। उनको घर आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए परिवहन निगम की तरफ से होली प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। योजना के तहत जो चालक और परिचालक लगातार 11 दिन तक बस चलाएंगे, उनको प्रोत्साहन राशि के रूप में 4400 रुपये दिए जाएंगे। दस दिन तक बस चलाने व परिचालन की सुविधा देने पर 3500 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा डिपो के वर्कशॉप में जो कर्मचारी काम करते हैं, इस अवधि के दौरान लगातार 11 दिन तक काम करेंगे तो उनको 18 सौ रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जाएगा। एक दिन की छुट्टी करने पर 1500 रुपये दिए जाएंगे।
परिवहन निगम महराजगंज के एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि होली के दौरान यात्रियों को रोडवेज बस के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सभी रूट पर निगम की बसें संचालित रहेंगी। विभाग ने चालक और परिचालकों को इसके लिए प्रोत्साहित करने की योजना प्रभावी की है।