महराजगंज। शक्ति उपासना पर्व की समाप्ति के बाद सर्राफा बाजार ने रफ्तार पकड़ी है। करवाचौथ की तैयारी में जुटी महिलाएं सोने- चांदी के जेवरात खरीदने में जुटी हैं। त्योहार में सीमित समय होने के कारण खरीद में तेजी देखी जा रही है।
कारोबारियों के मुताबिक महिलाएं रेट को देखते हुए वजन में हल्के और डिजाइन में उम्दा जेवरों की तलाश कर रही हैं, लेकिन कैरेट से कोई समझौता नहीं कर रहीं। उन्हें 22 से 24 कैरेट वाले सोने के आभूषण ही चाहिए। सोमवार को जनपद में 24 कैरेट सोने का भाव 115970 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। चांदी 148550 रुपये किलो रही।
सौभाग्य के लिए रखा जाने वाला करवाचौथ का व्रत महिलाएं 10 अक्तूबर को रखेंगी। इसमें अब तीन दिन शेष हैं, जिससे कपड़े व आभूषणों के बाजार में खरीदारी शुरू है। महिलाएं फैंसी और हलके गहनों की मांग कर रही हैं। सर्राफा कारोबारी विवेक वर्मा ने बताया कि महिलाएं व्रत के दिन के लिए हल्की चेन, मंगलसूत्र, झुमकी के साथ पायल, बिछिया अधिक खरीद रही हैं। मनपसंद डिजाइन की बुकिंग भी हो रही है।
करवाचौथ के बाद धनतेरस तक सर्राफा कारोबार गुलज़ार रहेगा। अब तक की बात करें तो लगभग 15 लाख के जेवरों की बिक्री हो चुकी है। हनुमान गढ़ी मार्ग पर स्थित आभूषण कारोबारी राजकुमार सोनी ने बताया कि इन दिनों दुकान पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ हो रही। करवाचौथ में हल्के व फैंसी गहनों की मांग अधिक है। भले ही सोने का भाव ऊंचा चल रहा हो, लेकिन पति-पत्नी के रिश्तों पर आधारित इस त्योहार में बिक्री पर असर नहीं है। उनके यहां पसंद के अनुसार डिजाइन भी तैयार होते हैं। सोने के महीन तार से तैयार डिजाइन की मांग अधिक है, क्योंकि यह तीन से पांच तोले में ही खासा आकर्षक लुक दे रहा है, जिसे देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि ऐसे आभूषण इतने कम वजन के होंगे। उनके यहां 20 लाख तक कारोबार हो चुका है।