निचलौल। क्षेत्र के भमौरी स्थित सीलिंग भूमि में साजिश करने पर नाराज होकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसील में प्रदर्शन किया। जहां कार्यकर्ता राजस्व विभाग के जिम्मेदारों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं की ओर से डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली ने बताया कि क्षेत्र के भमौरी स्थित सैकड़ों एकड़ भूमि सीलिंग है, जिसका अभिलेख हल्का लेखपाल के पास सुरक्षित है। इतना ही नहीं सीलिंग भूमि कई काश्तकारों के नाम दर्ज थी, लेकिन वर्तमान में वास्तविक कृषि अभिलेख से उन काश्तकारों का नाम गायब है। क्योंकि 17 दिसंबर 2016 को साजिश के तहत भमौरी स्थित संपूर्ण भूमि को कानून के विपरीत एक शख्स को सौंप दी गई। इन्होंने आगे मामले की जांच कराकर दोषी राजस्व विभाग के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चेताया कि अगर मामले की जल्द सुनवाई नहीं की गई, तो वह आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में रिंकी सिंह, साबिर अली, राजेश, सुदामा, कैलाश, मेंहदी हसन, रमानाथ, पप्पू आदि शामिल रहे।