आरटीई के तहत नामांकन में धांधली का आरोप लगाकर धरने पर बैठे थे अभिभावक
सिसवा बाजार। स्थानीय बीआरसी परिसर में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर जारी बेमियादी क्रमिक धरना शनिवार को समाप्त हो गया। शनिवार की शाम बीएसए रिद्धी पांडेय अनशनस्थल पर पहुंचीं और आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करके बीईओ के खिलाफ जांच का आश्वासन देकर अभिभावकों का धरना समाप्त कराया।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत गरीब बच्चों के नामांकन के मामले में धांधली में शामिल बीआरसी के एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी तथा बीईओ के खिलाफ अभिभावक पांच सूत्रीय मांगों को लेकर क्रमिक धरने पर बैठे थे। बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पांडेय ने बीआरसी सिसवा पहुंचकर धरने पर बैठे अभिभावकों से वार्ता की और आरोपी आउटसोर्सिंग कर्मचारी भरत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी से मामले के संबंध में वार्ता के बाद एक जांच कमेटी गठित कर बीईओ बंशीधर की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।