महराजगंज। इंडो-नेपाल क्रॉस बॉर्डर ज्वाइंट सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी की सोमवार को ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें जनपद महराजगंज व सिद्धार्थनगर के वरिष्ठ अधिकारियों और नेपाल के रूपनदेही, कपिलवस्तु व नवलपरासी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने विचारों को सांझा किया।
सीमा पर कानून व्यवस्था, सीमाद्योतक चिह्नों, नो मेंस लैंड के सुंदरीकरण, मानव तस्करी, नशे की दवाओं, शराब, खाद व अन्य वस्तुओं की तस्करी आदि को रोकने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने नेपाल प्रशासन के साथ सीमा पार व्यापार को बढ़ाने, अवैध व्यापार और तस्करी में संलग्न लोगों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर चर्चा की।
उन्होंने सीमा रेखा की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता का भी अनुरोध किया। सीमा से लगे क्षेत्रों में सत्यापन अभियान चलाने का भी अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने नेपाल प्रशासन से श्रावण मास के दृष्टिगत श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित मार्ग पर नेपाली सीमा के अंतर्गत पड़ने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित कराने का भी अनुरोध किया गया। उन्होंने नो मेंस लैंड के सुंदरीकरण पर भी चर्चा की।
महाव नाला, तटबंधों की सुरक्षा, नदियों में जलस्तर आदि के विषय में सूचना साझा करने का भी अनुरोध किया, ताकि बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा सके।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने पुलिस से साझा की गई वांछित अपराधियों की सूची पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। बैठक में दोनों पक्षों ने सीमा पर कानून व्यवस्था बनाए रखने, सीमाद्योतक चिह्नों के सुदृढ़ीकरण, तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के विषय में भी विस्तार से चर्चा की और समुचित कार्यवाही पर सहमति व्यक्त की।
रूपनदेही के मुख्य विकास अधिकारी ने दोनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में सम्मिलित होने के लिए आभार व्यक्त किया। बैठक में डीएफओ निरंजन सुर्वे राजेंद्र, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार और उपजिलाधिकारी नौतनवा, उपजिलाधिकारी निचलौल व सीओ नौतनवा सहित वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित रहे।