पनियरा। थाना क्षेत्र के गांगी बाजार पुलिस चौकी के पास एक ट्रक और छात्रों से भरी स्कूल की बोलेरो की सामने से टक्कर हो गई। गनीमत रहा कि किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं लगी। घटना में स्कूल वाहन के ड्राइवर को चोट लगी है। एक प्राइवेट अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि टक्कर के बाद बच्चे रोने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों को गाड़ी से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची गांगी पुलिस चौकी की पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर बच्चों को उनके घर तक सकुशल पहुंचवाया। बुधवार को भवानीपुर में स्थित एक विद्यालय का बोलेरो छुट्टी होने के बाद 10 बच्चों को घर छोड़ने जा रहा था। गांगी पुलिस चौकी के पास सामने से आ रहे ट्रक से बोलेरो की टक्कर हो गई। बताया गया कि ट्रक चालक ने सामने से आ रहे स्कूल वाहन को अनियंत्रित देखकर गाड़ी रोक ली, मगर बोलेरो उससे जा टकराई। घटना में बोलेरो सामने से क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया गया कि स्कूल की बोलेरो रामपुर निवासी गोविंद पासवान चला रहा था, जिसमें बैठे छात्र अर्थव निवासी विस्टौली, रियांशी करमौरा, प्रियांशु नरकटहां, यशराज करमौरा, काव्या करमौरा, देवांश करमौरा, शिवानंद टिकरिया, आस्था, टिकरिया, अयांश सरहरी व हिमांशु सरहरी घर जा रहे थे। थानाध्यक्ष पनियरा निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि बोलेरो में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद