पहले भी गिरे थे कई पोल, मगर जिम्मेदार फर्म पर कार्रवाई नहीं
परियोजना निदेशक ने जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही
धानी बाजार। बाजार में विधायक निधि से लगाए गई स्ट्रीट लाइट के पांच पोल गिर गए हैं। इससे शिवमंदिर चौराहे से सेनानी तिराहे तक पथ प्रकाश के लिए लगे स्ट्रीट लाइट के खंभों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में है। दो दिन पहले भी स्ट्रीट लाइट के पांच पोल गिर गए थे। परियोजना निदेशक ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
धानी बाजार निवासी सुरेश अग्रहरि, राजू अग्रहरि, राकेश कुमार, इसरार, मोनू आदि ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले विधायक निधि से लाखों रुपये की लागत से बाजार में आवागमन को बेहतर और सुरक्षित करने के लिए शिव मंदिर चौराहे से लगभग एक किलोमीटर तक हाईवे के दोनों तरफ स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं।
आरोप है कि निर्माण के कुछ समय बाद ही कई पोल गिर गए थे। इसके बाद लोगों ने पोल की गुणवत्ता और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाए थे। फिर भी जिम्मेदार फर्म पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। दो दिन पहले पांच पोल गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इसकी तत्काल जांच कराने और दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जिला ग्राम विकास अभिकरण (डीआरडीए) के परियोजना निदेशक महराजगंज रामदरश चौधरी ने बताया कि स्ट्रीट लाइट का रखरखाव तीन वर्ष तक ठेकेदार की जिम्मेदारी होती है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि लापरवाही मिली तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।