एसटीएफ की निगरानी में होगी बोर्ड परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण व नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छह फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा एसटीएफ व विजिलेंस की निगरानी में होगी। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में शासन तथा बोर्ड के निर्देशों का पालन कराया जाएगा। अधिकारियों को उन्होंने आगाह किया कि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को आगाह किया कि सभी भलीभांति जान लें कि इस बार की बोर्ड परीक्षा पर एसटीएफ तथा विजिलेंस की भी नजर रहेगी। कहीं से भी किसी प्रकार शिकायत अथवा गड़बड़ी की शिकायत मिली तो कार्रवाई तय है। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि अपने - अपने केंद्रों पर प्रवेश पत्र, कापियों के रखरखाव की ठीक से व्यवस्था करें और उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखें। अगर परीक्षा के दौरान कोई कक्ष निरीक्षक नकल कराते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा में किसी विद्यालय में नकल होने की शिकायत मिली तो केंद्र डिबार हो सकता है। बैठक का संचालन जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने किया।